थाना क्षेत्र के कौआहा गांव में बांस गाछी पर अधिकार को लेकर एक 14 वर्षीय लड़की व उसके माता-पिता के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार किया गया। इस संबंध में पीड़ित लड़की ने थाना में लिखित आवेदन देकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार पीड़ित लड़की के पिता और उसके चाचा के बीच बांस काटने को लेकर विवाद चल रहा था।
ग्रामीण पंच के द्वारा फैसला होने तक दोनों पक्षों को बांस काटने से मना कर दिया गया था। बावजूद लड़की के चाचा भोगी राउत, सुनीता देवी, अखिलेश राउत, कविता देवी व लक्षे देवी ने बलपूर्वक बांस काटना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार के द्वारा बांस काटने से रोकने पर सभी के साथ धारदार हथियार से मारपीट की गई और कपड़ा फाड़कर दुर्व्यवहार किया गया। मारपीट के दौरान पीड़ित लड़की व उसकी मां के जेवर व नगद भी छीन लिए गए। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के दौरान मामले की सच्चाई लोगों के सामने आएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपितों पर कार्रवाई होगी।